देहरादूनः निराश्रित गोवंश और पशुओं पर डीएम सख्त

देहरादून 5 सितंबर। एबीसी-एआरवी कार्यक्रम और निराश्रित व पालतू गोवंशीय पशुओं के प्रभावी प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने नगर निकायों को लावारिस पशुओं और श्वानों की संख्या का डेटा तैयार कर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रमाणिक डेटा के आधार पर आवारा श्वानों की संख्या नियंत्रित करने के लिए बंध्याकरण, टीकाकरण व अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। डीएम ने एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) व एंटी रेबीज वैक्सीनेशन (एआरवी) अभियान पर कहा कि पालतू कुत्तों का अनिवार्य पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने डोईवाला, विकासनगर और ऋषिकेश में श्वानों के बंध्याकरण व शल्य चिकित्सा के लिए भूमि चयन प्रक्रिया पूरी करने को भी कहा।
सड़कों पर गोवंश छोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों को सड़कों पर विचरण कर रहे निराश्रित गोवंश के संरक्षण व प्रबंधन के लिए तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। कहा कि निराश्रित गोवंश को तत्काल कांजी हाउस में पहुंचाकर उनकी देखभाल सुनिश्चित की जाए। सड़कों पर गोवंश को लावारिस छोड़ने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
55 हजार से अधिक स्ट्रीट डॉग का बंध्याकरण
बैठक में सीनियर वेटरनरी ऑफिसर डॉ. वरुण अग्रवाल ने बताया कि देहरादून नगर निगम क्षेत्र में अब तक 55,487 स्ट्रीट डॉग का बंध्याकरण किया जा चुका है। वर्तमान में 72 डॉग केनल बनाए गए हैं, जबकि 144 केनल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इनके पूरा होने के बाद करीब 300 श्वानों को रखने की क्षमता उपलब्ध हो जाएगी। नगर निगम क्षेत्र में निराश्रित श्वानों के लिए वर्तमान में 25 डॉग फीडिंग स्पॉट बनाए गए हैं, जबकि पालतू श्वानों के 1,117 लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं।
883 निराश्रित गोवंश कांजी हाउस में संरक्षित
निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए केदारपुरम स्थित कांजीहाउस में वर्तमान में 347 गोवंशीय पशुओं की देखभाल की जा रही है। सेलाकुई के शंकरपुर स्थित कांजीहाउस में 536 पशु रखे गए हैं। निराश्रित पशुओं को पकड़ने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) के साथ चार पशुवाहन तैनात किए गए हैं। बताया गया कि नगर निगम देहरादून क्षेत्र में मार्च 2026 से अब तक 109 बंदरों को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया है।
यह रहे बैठक में मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, सीनियर वेटरनरी ऑफिसर डॉ. वरुण अग्रवाल, एमएनए विजयनाथ शुक्ल आदि मौजूद रहे।



