Dehradun: युवा भविष्य की भी सबसे बड़ी पूंजीः धामी
सीएम ने विभिन्न विभागों में चयनित 221 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) से शहरी विकास, कौशल विकास, सेवायोजन व पशुपालन विभाग में चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
मुख्य सेवक सदन में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में बीते साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है। कहा कि युवाओं के चेहरों की मुस्कान बताती है कि राज्य सरकार, सही दिशा में आगे बढ़ रही है। राज्य के युवा वर्तमान के साथ भविष्य की भी सबसे बड़ी पूंजी है।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यरत है। नई स्टार्टअप नीति, राज्य में नए स्टार्टअप कल्चर को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आर्थिक और तकनीकी रूप से मजबूत किया जा रहा है। सरकार के प्रयासों से युवा आज अपने सपनों को लेकर पहले से कई अधिक आश्वस्त है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब युवाओं के सपनों के साथ अन्याय होता था, पर आज रिकॉर्ड समय में भर्तियां पूरी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि खाली पदों को भी तुरंत भरा जाए।
उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि के मंत्र को अपना ध्येय मानकर हर गरीब, जरूरतमंद की समस्या का समाधान करने की बात कही। उन्होंने कहा कि नए अभ्यर्थी केवल सरकारी कर्मचारी नहीं हैं बल्कि उत्तराखण्ड के विकास के सहभागी भी हैं।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि अब तक मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि आज बिना सिफारिश के नियुक्तियां हो रही हैं।
मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, गोसेवा आयोग अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल, उपाध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, सचिव नितेश झा, अपर सचिव सी. रविशंकर आदि मौजूद रहे।



