Uncategorized

मतदाताओं से अनावश्यक दस्तावेज न मांगे बीएलओ

गढ़वाल आयुक्त ने राजपुर रोड और मसूरी के बूथों का किया निरीक्षण

देहरादून, 7 अगस्त 2026। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत गढ़वाल आयुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर आनंद स्वरूप ने राजपुर रोड और मसूरी विधानसभा के सुनवाई शिविरों का औचक निरीक्षण किया। निर्देश दिए कि पात्र मतदाताओं को अनावश्यक परेशान न किया जाए। साथ ही सुनवाई आयोग के निर्धारित प्रावधानों के आधार ही की जाए।

गढ़वाल आयुक्त ने राजपुर रोड विधानसभा अंतर्गत डीएवी इंटर कॉलेज करनपुर, सेंट थॉमस कॉलेज क्रॉस रोड और मसूरी के राजकीय इंटर कॉलेज डोभालवाला स्थित दो मतेय स्थलों पर सुनवाई शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाताओं से सीधे संवाद कर बीएलओ द्वारा मांग जा रहे अभिलेखों की जानकारी ली।

मौके पर बीएलओ ने बताया कि अनमैप्ड वोटर्स से वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली से संबंधित विवरण मांगा जा रहा है। यदि उक्त विवरण उपलब्ध नहीं है, तो निर्धारित 11 मान्य दस्तावेजों में से कोई भी दस्तावेज दिया जा सकता है। वहीं एनोमली (विसंगति) श्रेणी के मतदाताओं से नाम अथवा संबंधी के नाम में सूक्ष्म त्रुटि होने की स्थिति में किसी एक मान्य दस्तावेज के आधार पर सुनवाई की जा रही है।

आयुक्त ने सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को निर्देश दिए कि सुनवाई कक्ष में आयोग द्वारा निर्धारित सभी मान्य दस्तावेजों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि मतदाताओं को आवश्यक जानकारी सहज रूप से उपलब्ध हो सके और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बीएलओ सुपरवाइजरों एवं बीएलओ को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के अतिरिक्त किसी भी प्रकार की अनावश्यक मांग न की जाए और प्रत्येक प्रकरण की सुनवाई निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए। स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता के साथ अनावश्यक असुविधा या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

गढ़वाल आयुक्त ने एईआरओ द्वारा की जा रही सुनवाई प्रक्रिया और ईआरओ नेट पर अपलोड की जा रही रिपोर्ट की भी विस्तार से समीक्षा की। निर्देश दिए कि जैसे-जैसे नोटिसों की सुनवाई पूर्ण होती जाए, उसकी प्रविष्टि तत्काल बीएलओ एप और ईआरओ नेट पर की जाए, ताकि प्रगति का वास्तविक व अद्यतन विवरण उपलब्ध रहे। साथ ही एसआईआर की पारदर्शिता बनी रहे।

मौके पर मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एनपी देवली और संबंधित निर्वाचन कार्मिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button