ऋषिकेशपौड़ी गढ़वाल

15 जुलाई कांवड़ मेले की तैयारियों की डेडलाइन

मंडलायुक्त ने नीलकंठ यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं को परखा

ऋषिकेश, 27 जून। श्रावण कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने नीलकंठ में निरीक्षण कर अधिकारियों से फीडबैक लिया। साथ ही उन्हें 15 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं जुटाने के निर्देश दिए।

शनिवार को मंडलायुक्त ने नीलकंठ में पैदल मार्ग, मंदिर परिसर और आसपास व्यवस्थाओं को परखा। कहा कि कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु आवागमन और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग समन्वय, जिम्मेदारी और समय पर सभी कार्य करें।

उन्होंने यात्रा मार्ग पर पेयजल, शौचालय, पार्किंग, सोलर लाइट, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और साफ-सफाई की भी समीक्षा की। स्पष्ट निर्देश दिए गए कि 15 जुलाई से पहले सभी निर्माण व मरम्मत कार्य पूरे किए जाएं।

मंडलायुक्त ने जिला पंचायत को स्वच्छता व्यवस्था, वन विभाग को पैदल मार्ग पर स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने, स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सा दल, एंबुलेंस, दवाइयों और आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

मौके पर अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान, एसडीएम चतर सिंह चौहान, अधिशासी अभियंता जल संस्थान अभिषेक वर्मा, निरीक्षक लक्ष्मणझूला सूर्यभूषण नेगी, लोनिवि के अपर सहायक अभियंता साहब सिंह सैनी, एसडीओ वन चित्रांजलि नेगी, तहसीलदार वैभव जोशी, व्यापारी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button