ऋषिकेशयात्रा-पर्यटन

चारधाम यात्राः ट्रांजिट कैंप में व्यापक तैयारियां, प्रशासन अलर्ट

24×7 कंट्रोल रूम, मेडिकल टीमों और पंजीकरण व्यवस्था की गई सुदृढ़

ऋषिकेश। अक्षय तृतीया के पर्व 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। डीएम सविन बंसल ने ट्रांजिट कैंप में अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने पंजीकरण प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए ट्रांजिट कैंप में 24 और आईएसबीटी में 6 काउंटर संचालित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा 30 मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं, जो दिन-रात होटल, धर्मशाला और आश्रमों में ठहरे यात्रियों का पंजीकरण करेंगी। यात्रियों के ठहराव के लिए 7100 बेड की व्यवस्था चिन्हित की गई है।

यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रांजिट कैंप में बड़ी स्क्रीन पर होटल और धर्मशालाओं की उपलब्धता की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही 24×7 इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है, जबकि पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अलग कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेंगे। ऋषिकेश और हरबर्टपुर में कुल 6 मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं।

डीएम ने यात्रियों के लिए निःशुल्क चाय-नाश्ता और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जिसमें स्वयं सहायता समूहों का सहयोग लिया जाएगा। वहीं, पेयजल निगम को फटकार लगाते हुए अधूरे कार्यों के कारण उनकी अनुमति निरस्त कर दी गई है। सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।

सफाई व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सख्त नजर आया। नगर निगम ऋषिकेश को 50 लाख रुपये की स्वीकृति देते हुए व्यापक सफाई और फॉगिंग के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का दावा है कि इस बार चारधाम यात्रा को पहले से अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाया जाएगा।

मोके पर एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल, सीडीओ अभिनव शाह, एसपी यातायात लोकजीत सिंह, एसपी ग्रामीण जया बलूनी, नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, एसडीएम योगेश मेहर, सीएमओ डॉ मनोज कुमार शर्मा, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान नमित रमोला, जिलापूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल, अधिशासी अभियंता लोनिवि ओमपाल सिंह, एआरटीओ संदीप सैनी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button