हेमकुंट साहिब के रास्ते से बर्फ हटाने में जुटे सेना और सेवादार
23 मई को खुलेंगे धाम के कपाट, 20 को रवाना होगा पहला जत्था

ऋषिकेश। जनपद चमोली अंतर्गत गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब यात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के सेवादारों और सेना की 418 माउंटेन ब्रिगेड ने अरदास के बाद घंगरिया की ओर ट्रेक से बर्फ हटाने का अभियान शुरू कर दिया है।
करीब एक सप्ताह पहले की गई रेकी में हेमकुंट साहिब और अटलकोटी ग्लेशियर क्षेत्र में आठ फीट से अधिक बर्फ जमी होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद अब टीम घंगरिया में डेरा डालकर प्रतिदिन ऊपर की ओर बढ़ते हुए रास्ते को साफ करेगी। इस अभियान में सेना के जवानों और सेवादारों का समन्वय महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि अगले तीन सप्ताह में पूरा मार्ग यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम बना दिया जाएगा। इससे 23 मई को हेमकुंट साहिब के कपाट खोलने की तैयारियां समय पर पूरी हो सकेंगी। वहीं, प्रथम जत्था 20 मई को ऋषिकेश से रवाना होने का प्रस्ताव है।



