चारधामः मानसून की चुनौती, पर नहीं रुके श्रद्धालुओं के कदम
48 लाख के पार पहुंची संख्या, बीते वर्ष से 5 से लाख अधिक

Char Dham Yatra : देहरादून, 22 अगस्त। मानसून की चुनौतियों के बावजूद चारधाम यात्रा निर्बाध जारी है। यात्राकाल के 125 दिनों में दर्शनार्थियों की संख्या 48 लाख के पार पहुंच चुकी है। जो कि पिछले वर्ष की तुलना में 05 लाख 22 हजार अधिक है।
इसवर्ष यमुनोत्री धाम की यात्रा ने नया रिकॉर्ड बनाया है। यहां पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 06 लाख 68 हजार से अधिक पहुंच गई है। इससे पूर्व वर्ष 2025 में 06 लाख 44 हजार 637 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन को पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चारों धामों और यात्रा पड़ावों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। मौसम खराब होने पर यात्रा को नियंत्रित भी किया जा रहा है।
यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जनपद में आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है। मौसम के मद्देनजर प्रशासन ने तीर्थयात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी भी जारी की है, लेकिन आस्था मौसम पर भी भारी पड़ रही है।
इस वर्ष 19 अप्रैल को गंगोत्री व यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा का आगाज हुआ था। 21 अगस्त तक 125 दिनों में कुल 48 लाख 04 हजार 897 श्रद्धालु चारधाम दर्शन कर चुके हैं, जबकि बीते वर्ष इसी अवधि में 42 लाख 82 हजार 263 यात्री पहुंचे थे।
बदरीनाथ में 16,54,263, केदारनाथ में 14,65,370, गंगोत्री में 07,47,671 और यमुनोत्री में 06,68,163 यात्री दर्शन कर चुके हैं। जबकि हेमकुंट साहिब में 2,69,430 श्रद्धालु शीश नवा चुके हैं। बदरीनाथ में बीते वर्ष के मुकाबले 03,62,304 यात्री अधिक पहुंचे हैं।



