उत्तरकाशी

बौखनाग धाम को मिला धार्मिक पर्यटन स्थल का दजा

उत्तरकाशी/देहरादून, 21 जुलाई। उत्तराखंड सरकार ने यमुना और गंगा घाटी के प्रमुख आस्था केंद्र बाबा बौखनाग की पवित्र तपस्थली बौख टिब्बा (बौखनाग धाम) को धार्मिक पर्यटन स्थल घोषित करने का निर्णय लिया है। पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने इस बारे सचिव पर्यटन को जरूरी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।

यह निर्णय 18 जुलाई को बाबा बौखनाग की डोली यात्रा के उत्तरकाशी आगमन के दौरान लिया गया, जब बाबा बौखनाग देव समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से भेंट कर सिलक्यारा सुरंग के ऊपर स्थित बौख टिब्बा को पर्यटन क्षेत्र में शामिल करने की मांग रखी थी। मंत्री ने मांग का तत्काल संज्ञान लेते हुए इसे स्वीकृति प्रदान की।

सतपाल महाराज ने कहा कि बौखनाग धाम यमुना और गंगा घाटी के श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रत्येक तीसरे वर्ष ‘सेम नागराजा’ की परंपरा पर त्रिवार्षिक राजकीय मेले का भव्य आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से इस स्थल का विशेष महत्व है। पर्यटन स्थल घोषित होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button