SDRF ने उफनती यमुना में दो महिलाओं को किया रेस्क्यू
मवेशियों को लेने गई थी यमुना पार, जलस्तर बढ़ने पर टापू में फंसी

Uttarkashi News: उत्तरकाशी। जानकीचट्टी के समीप यमुना नदी के पार मवेशियों को वापस लाने गई बनास गांव की दो महिलाएं अचानक जलस्तर बढ़ने पर फंस गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने लाइफ जैकेट के साथ सुरक्षित रेस्क्यू किया।
एसडीआरएफ को बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि जलस्तर बढ़ने से दो महिलाएं अपने मवेशियों के साथ यमुना नदी के पार टापू पर फंस गई हैं। महिलाएं अपनी गायों को लेने यमुना पार गई थीं। इसके बाद सूचना पर एसडीआरएफ की एक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने उफनती यमुना के प्रवाह में अपनी जान जोखिम में डालकर महिलाओं और मवेशियों को सुरक्षित निकाला।
एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू के लिए यमुना के आर-पार रीवर क्रासिंग रोप डाला। उसके बाद महिलाओं की सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट पहनाकर उन्हें एक-एक कर नदी के दूसरे छोर पर रेस्क्यू किया। इस दौरान एक महिला के पैर में चोट भी लगी। जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।
महिलाओं को यमुना के उफनते वेग में से पार निकालने के बाद बचाव दल ने तीन गायों को भी बारी-बारी टापू से बाहर निकाला। महिलाओं ने जान बचाने के लिए एसडीआरएफ की टीम का शुक्रिया अदा किया।