
Uttarakhand Nikay Chunav : कांग्रेस ने निकाय चुनाव को लेकर ऋषिकेश और डोईवाला में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में चार लोगों को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। साथ ही वार्ड स्तर पर पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव में उतरे कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने की बात कही है।
परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के निर्देश पर नगर निगम ऋषिकेश में पार्टी के अधिकृत मेयर प्रत्याशी दीपक प्रताप जाटव के खिलाफ चुनाव लड़ रहे दिनेश चंद्र मास्टर, महेंद्र सिंह और चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पूर्व कार्यकारी नगर अध्यक्ष सुधीर राय को संगठन से छह वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है।
उन्होंने बताया कि डोईवाला नगर पालिका परिषद के चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी सागर मनवाल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे राजवीर खत्री को भी कांग्रेस से छह वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है। बताया कि विभिन्न वार्डों में पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वालो की सूची तैयार की जा रही है।