
ऋषिकेश। उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा ने संगठन विस्तार के तहत नरेन्द्र नेगी को ऋषिकेश महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन पदाधिकारियों ने नेगी की नियुक्ति पर हर्ष जताते हुए इसे संगठन की मजबूती वाला निर्णय बताया।
मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुधीर राय रावत ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष बॉबी पंवार ने इस बाबत नियुक्ति पत्र जारी किया है। बताया कि नरेन्द्र नेगी लंबे समय से समाजसेवा और जनसरोकारों से जुड़े हैं। संगठन को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में महानगर इकाई और अधिक सक्रिय, मजबूत और जनसमर्थक बनेगी।
नरेंद्र नेगी के महानगर अध्यक्ष नियुक्त होने पर प्रदेश संगठन प्रभारी दिनेश चंद मास्टर ने कहा कि नरेन्द्र नेगी जैसे जमीनी कार्यकर्ता को संगठन की जिम्मेदारी देना उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा की दिशा और दृष्टि को दर्शाता है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वे संगठन को जनमानस के बीच मजबूती से स्थापित करेंगे।
जिलाध्यक्ष शीशपाल पोखरियाल ने कहा कि नरेन्द्र नेगी की नियुक्ति से ऋषिकेश में मोर्चा को नई दिशा मिलेगी। वे जनभावनाओं को समझने वाले, समर्पित और संघर्षशील कार्यकर्ता हैं। उनकी नेतृत्व क्षमता से संगठन को मजबूती मिलेगी और जनआंदोलन को बल मिलेगा।