Dehradun: 9,43,964 लाभार्थियों के खातों में पेंशन रिलीज
सीएम बोले- समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिले योजनाओं का लाभ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजनाओं के तहत डीबीटी से दिसंबर महीने की पेंशन किश्त का भुगतान किया। इस दौरान 9,43,964 लाभार्थियों के खातों में कुल ₹140 करोड़ 26 लाख 97 हजार की राशि ऑनलाइन जारी की गई।
सीएम कैंप ऑफिस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान धामी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर वर्गों, वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों और निराश्रितों के सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। कहा कि प्रदेश में पारदर्शी शासन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी भुगतान अब डीबीटी से बैंक खातों में किए जा रहे हैं।
उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि 60 साल की आयु होते ही राज्य के जो लोग वृद्धावस्था पेंशन की पात्रता की श्रेणी में आ रहे हों, उनका 59 साल की आयु से ही चिन्हीकरण कर लिया जाय, ताकि पात्रता की श्रेणी में आने पर उन्हें शीघ्र पेंशन का भुगतान किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि समाज के प्रत्येक पात्र लाभार्थी को किसी भी प्रकार की कठिनाई के बिना योजनाओं का लाभ मिले। निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे, इसके लिए नियमित सत्यापन व निगरानी की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।
मौके पर निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी, अपर सचिव प्रकाश चन्द्र समेत विभागीय अधिकारी आदि मौजूद रहे।



