देहरादून

सीएम धामी ने किया ‘नागरिक सेवाएं आपके द्वार’ को फ्लैग ऑफ

अपणि सरकार पोर्टल पर मिलेंगी सेवाएं, 3 महीने बाद राज्यभर में सेवाएं देने का लक्ष्य

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘अपणि सरकार’ (Apni Sarkar) नागरिक सेवाएं आपके द्वार योजना का फ्लैग ऑफ किया। इससे के जरिए देहरादून के नागरिकों को एक फोन कॉल पर अपणि सरकार पोर्टल की नागरिक सेवाएं उनके द्वार पर उपलब्ध होगी।

शनिवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों को उनके घर पर जाकर जन सेवा केन्द्र के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध कराये जाने की शुरूआत की गई है। जल्द ही यह सेवा राज्य के अन्य स्थानों पर भी शुरू की जाएगी। कहा कि सरकार की प्राथमिकता नागरिक सेवाओं का लाभ आमजन को उनके घर पर ही उपलब्ध कराना है। अभी तक 575 सेवाएं ऑनलाइन अपणि सरकार पोर्टल पर उपलब्ध करायी जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में पायलट रूप में यह सेवा देहरादून शहर के 100 वार्डों में नजदीकी सी.एस.सी केंद्र के संचालकों द्वारा उपलब्ध करायी जाएगी। सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज व विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत आई.टी.डी.ए ने “डोर स्टेप डिलीवरी” के लिए सी.एस.सी-एस.पी.वी को यह जिम्मेदारी सौंपी है।

देहरादून शहर के सी.एस.सी संचालकों को पुलिस वेरिफिकेशन के उपरांत पहचान-पत्र जारी किए गए हैं। इस सेवा का लाभ उठाने के लिए नागरिक 18009110007 टोल फ्री नंबर पर फोन कर सकते हैं। नागरिकों की सुविधानुसार घर पर ही आवेदन लिया जाएगा और संबंधित प्रमाण पत्र या अभिलेख घर पर ही उपलब्ध कराया जाएगा।

इस दौरान सचिव शैलेश बगौली ने बताया कि तीन माह में समीक्षा के बाद इस सेवा को पूरे प्रदेश में उपलब्ध कराए जाने का लक्ष्य है। भविष्य में दूरदराज क्षेत्रों में निवास करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को इस सेवा से विशेष लाभ होगा।

आई.टी.डी.ए. निदेशक नितिका खंडेलवाल ने बताया कि सी.एस.सी. द्वारा केंद्र व राज्य की सरकारी सेवाओं के अलावा व्यावसायिक सेवाएं जैसे बीमा, शिक्षण, बैंकिंग, पेंशन, डिजी पे, टेली-हेल्थ, टेली-लॉ भी नागरिकों को ग्राम स्तर तक उपलब्ध करायी जा रही हैं।

मौके पर विधायक शिव अरोरा, सचिव विनोद कुमार सुमन, अपर निदेशक आई.टी.डी.ए. गिरीश चंद्र गुणवंत समेत आईटीडीए व सीएससी-एसपीवी उत्तराखंड के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button