शिखर हिमालय डेस्क
ऋषिकेश। ग्रामसभा हरिपुरकलां में सीवरेज ओवरफ्लो होने से ग्रामीणों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों भरी सड़कों पर गंदे पानी के चलते लोगों को न सिर्फ आवागमन में दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं, बल्कि कई बार दुधर्टना का शिकार भी हो रहे हैं।
स्थानीय निवासी शुभम कुकरेती, मनीष भंडारी, योगेंद्र भंडारी आदि ने बताया कि स्वामी सत्यमित्रानंद इंटर कॉलेज से प्रेम विहार चौक तक इनदिनों सीवरेज ओवरफ्लो है। सीवर का पानी सड़कों पर फैलने के साथ ही लोगों के घरों में भी घुस रहा है। जिसके कारण सड़कों से गुजरना मुश्किल हो गया है। बताया कि सीवर के कारण उनके घर की एक दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
उन्होंने बताया कि यह समस्या लंबे वक्त से बनी हुई है। सड़क पर गंदगी के कारण क्षेत्र में बीमारियों का खतरा बना हुआ है। रात के समय इन रास्तों से गुजरने के दौरान दुर्घटना का डर रहता है। कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।
स्थानीय निवासी और आप नेता राजे सिंह नेगी ने बताया कि हर साल यह समस्या सामने आ जाती है। लेकिन आज तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। गंदे पानी के कारण लोग परेशान हैं। कहा कि स्थानीय विधायक को इस क्षेत्र की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। वह सिर्फ स्वागत समारोह और चेक ही गांव में आते हैं।
ग्रामीण अजय रावत, नितिन नेगी, नीरज रावत, दिनेश कुमार, विक्रांत भारद्वाज, सतीश बड़थ्वाल, अजय पटेल, सत्यप्रकाश कंडवाल, किशोरी लाल, भगत सिंह धमान्दा ने चेताया कि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वह आंदोलन को बाध्य होंगे।