महाराज ने कोल्हूखेत के पास क्षतिग्रस्त सड़क का किया निरीक्षण

देहरादून, 24 जुलाई। लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने मसूरी, कोल्हूखेत के पास पानी वाले बैंड का औचक निरीक्षण किया। हाल में यहां बारिश के चलते सड़क ढह गई थी। इस दौरान महाराज ने देहरादून-मसूरी राज्यमार्ग पर निर्माणाधीन डबल लेन पुल का जायजा भी लिया।
निरीक्षण के बाद मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को सड़क और सेतु का निर्माण तय समय में करने के निर्देश दिए। बताया कि 20 जुलाई की रात पानी वाले मोड के पास लगभग 20 मीटर मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसपर विभाग द्वारा तत्काल जेसीबी मशीनों से कार्य प्रारम्भ कर दिया गया था।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की स्लोप ट्रीटमेंट की एक्सपर्ट संस्था यूएलएलएमसी द्वारा मोटर मार्ग के किमी 20 व किमी 25 में निरीक्षण किया गया है, ताकि सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र प्रारम्भ किये जा सके।
बताया कि मसूरी राज्य मार्ग पर 12 करोड की लागत से 60 मीटर स्पान डबल लेन कलास ए/70 आर लोडिंग स्टील बॉक्स सेतु का निर्माण जारी है। पुल का फैब्रिकेशन 100 प्रतिशत पूर्ण व ग्राउंड इरैक्शन का कार्य चल रहा है, जो कि 30 जुलाई तक पूर्ण कर लिया जायेगा।
देहरादून की तरफ से 7 पाईलों की खुदाई व कंक्रीटिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है जबकि 02 पाईलों का कार्य 30 जुलाई तक पूरा कर लिया जायेगा। वहीं, मसूरी की तरफ से 09 में से 03 पाईलों की खुदाई व कंक्रीटिंग का कार्य पूरा हो गया और 02 पाईलों का कार्य जारी है।
मौके पर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता ओपी सिंह और अधिशासी अभियंता राजेश कुमार मौजूद थे।



