टूटी सड़कें ठीक करने को चाहिए 461 करोड़ः महाराज

देहरादून, 08 अक्टूबर। लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को प्रदेश में पुलों का समय-समय पर निरीक्षण करने और लंबित व निर्माणाधीन सड़कों की जनपदवार समीक्षा के निर्देश दिए।
यमुना कॉलोनी स्थित लोनिवि सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में महाराज ने सड़कों और पुलों की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री, डामरीकरण, सड़क की मोटाई, लैब टेस्ट और थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने को कहा। खराब गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए। वहीं वैकल्पिक मार्गों और डायवर्जन वाले स्थानों पर स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने, रोड साइनेज को उचित स्तर पर स्थापित करने के निर्देश दिए।
महाराज ने बताया कि वर्ष 2026-27 में आपदा से प्रदेश में 2360 मार्ग क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें से 2329 मार्ग यातायात के लिए खोल दिए गए हैं। करीब 199 सड़कों पर ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। इनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि गड्ढा पैचवर्क ऐप के माध्यम से मिली 1953 शिकायतों में से 1327 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 626 शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी गई हैं। प्रदेश के 34 निष्प्रयोजित पुलों में से 21 को पुनः उपयोग में लाया जा रहा है। क्षतिग्रस्त मार्गों को खोलने और पूर्व स्थिति में लाने के लिए 461.87 करोड़ रुपये की आवश्यकता है।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज पांडे, प्रमुख अभियंता राजेश चन्द्र शर्मा, मुख्य अभियंता रंजीत रावत, मुकेश परमार आदि मौजूद रहे।



