
देहरादून, 30 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर उत्तराखंड की विभिन्न सड़क और आधारभूत संरचना परियोजनाओं पर चर्चा की। बैठक में राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सकारात्मक सहमति बनी।
बैठक में केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 750 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी देने पर सहमति बनी। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित पांच प्रमुख परियोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई, जिनकी अनुमानित लागत करीब 2,966 करोड़ रुपये है।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025-26 तक की 530.11 करोड़ रुपये की लंबित प्रतिपूर्ति राशि शीघ्र जारी करने का आग्रह किया। साथ ही वर्ष 2027 में प्रस्तावित अर्धकुंभ मेले को देखते हुए हरिद्वार बाईपास परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और कोटद्वार बाईपास निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सहमति जताई।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्गों को अन्य मार्गों से जोड़ने के लिए एसपीयूआर परियोजनाओं के लिए लगभग 3,000 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी का अनुरोध भी किया। इसके अलावा अल्मोड़ा के सिकुड़ा बैंड से एनएच-309 तक सुरंग सहित मोटर मार्ग निर्माण की 300 करोड़ रुपये की परियोजना पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से सीमांत क्षेत्रों का विकास, पर्यटन को बढ़ावा, आपदा प्रबंधन क्षमता में वृद्धि और राज्य की आर्थिक प्रगति को नई गति मिलेगी।
बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, सचिव लोनिवि डॉ. पंकज कुमार पांडेय, सचिव सड़क परिवहन बृजेश कुमार संत, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा आदि मौजूद रहे।



