
ऋषिकेश। आम आदमी पार्टी के विधानसभा प्रभारी डॉ. राजे सिंह नेगी ने कहा कि बीजेपी के जुमलों से जनता उकता गई है। अब प्रदेश में काम करने वाली पार्टी को ही वोट मिलेगा। उत्तराखंड में अपने वायदों को गारंटी के तौर पर सामने रखा है। जनता निश्चित तौर पर काम करने वाली पार्टी को ही चुनेगी।
पार्टी के शहर स्थित कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. नेगी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। यहां तक कि उन्होंने प्रदेश की बदहाली के लिए पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत को जिम्मेदार ठहराया। इसीलिए भाजपा ने भी उन्हें सीएम पद से हटाया। कहा कि भाजपा से लोगों का विश्वास उठ चुका है, वह प्रदेश में काम करने वाली पार्टी को ही चुनना चाहती है।
डॉ. नेगी ने कहा कि आप का हर वादा गारंटी है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में जो वायदे किए, उन्हें पूरा किया। जिसके चलते जनता ने उन्हें तीसरी बार सीएम बनाया। कहा कि दिल्ली में आप के कार्यकाल में राजस्व सबसे ज्यादा बढ़ा है। सरकार ने व्यापारियों के सुझाव पर टैक्स घटाया और वसूले गए टैक्स का उपयोग जनता के हितों में खर्च किया।
इस मौके पर आप के संगठन मंत्री दिनेश असवाल, जिला उपाध्यक्ष चंद्रमोहन भट्ट, जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा सीता पयाल, कार्यालय प्रभारी सरदार निर्मल सिंह, सोशल मीडिया प्रभारी सुनील सेमवाल आदि मौजूद थे।