Rishikesh: फायरिंग कांड के दो आरोपी मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

Breaking News : ऋषिकेश। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने देररात बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। पुलिस के रोकने के बाद भी आरोपियों ने बैरियर को टक्कर मारी और श्यामपुर की ओर फरार हो गए।
जब पुलिस ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए और मौके पर ही दबोच लिए गए। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय भेजा।
गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में वांछित थे। जिसमें उन्होंने दो व्यक्तियों को गोली मारकर घायल कर दिया था।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे, उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।



