एसएसपी ने तेज धूप में तैनात पुलिसकर्मियों का बढ़ाया हौसला

ऋषिकेश। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान मुनि की रेती क्षेत्र में बढ़े यातायात दबाव और भीषण गर्मी के बीच एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने स्वयं मोर्चा संभाला। उन्होंने निरीक्षण के साथ मुस्तैदी से जुटे पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाया।
एसएसपी ने भीषण गर्मी और तेज धूप में लगातार ड्यूटी कर रहे जवानों को बचाव के लिए विशेष हैट (टोपी) और रिफ्रेशमेंट सामग्री वितरित की। कहा कि विषम परिस्थितियों में जनसेवा कर रहे पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, सुविधा और मनोबल का ध्यान रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह और क्षेत्राधिकारी मुनि की रेती के साथ प्रमुख चौराहों पर यातायात संचालन की कमान संभाली। उन्होंने निर्देश दिए कि चारधाम यात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित व सुगम मार्ग उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, सभी के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
एसएसपी ने दोहराया कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की ’अतिथि देवो भवः’ की परंपरा का प्रतीक है, और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए टिहरी पुलिस दिनरात समर्पित भाव से कार्य कर रही है।



