जयंती दिवस पर ‘सरदार पटेल’ का भावपूर्ण स्मरण
• कैबिनेट मंत्री और भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

• मोरबी पुल हादसे के मृतकों की आत्मशांति को रखा मौन
ऋषिकेश। जयंती दिवस पर देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल का भावपूर्ण स्मरण किया गया। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान मोरबी गुजरात में पुल हादसे के मृतकों की आत्मशांति के लिए मौन भी रखा गया।
कैंप कार्यालय में कैबिनेट मंत्री अग्रवाल समेत भाजपा से जुड़े लोगों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प् अर्पित कर नमन किया। इस दौरान अग्रवाल ने देश की एकजुटता के लिए सरदार पटेल के योगदान को याद किया। कहा कि उनके सशक्त भारत के सपने को हमें पूरा करना है। यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि हमें लौहपुरुष सरदार पटेल के समर्पण को याद ही नहीं रखना बल्कि उनके आदर्शों को आत्मसात कर भारत को अखंड भी रखना होगा। इसबीच मौजूद लोगों ने मौन रखकर मोरबी गुजरात में पुल हादसे के मृतकों की आत्मशांति की प्रार्थना की।
मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, महिला मोर्चा अध्यक्ष उषा जोशी, पार्षद शिवकुमार गौतम, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, वीरेंद्र रमोला, प्रदीप कोहली, मानवेंद्र कंडारी, कविता साह, स्वाति शर्मा, रंजीत थापा, सचिन अग्रवाल आदि मौजूद थे।