
BJP Pradesh Karyasamiti : ऋषिकेश। भारतीय जनता पार्टी की रायवाला में दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति शुरू हुई। कार्यसमिति के पहले दिन केंद्र और राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं के साथ ही संगठन की भावी कायक्रमों पर चर्चा की गई। इसके अलावा लोकसभा और नगर निकाय चुनावों पर भी मंथन किया गया।
रायवाला स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित कार्यसमिति का भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और सह प्रदेश प्रभारी रेखा वर्मा ने दीप प्रज्वल्लित कर शुभारंभ किया। कार्यसमिति के पहले सत्र में केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गई, साथ ही उन्हें प्रदेश के आमजन तक पहुंचाने का संकल्प जताया गया। साथ ही पार्टी के पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
इसी सत्र में प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी के जनाधार को मजबूत रखने के लिए चर्चा में मन की बात, परीक्षा पर चर्चा, एक भारत श्रेष्ठ भारत से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन के अलावा पन्ना प्रमुख टीमों को और संगठित करने पर विस्तार से मंथन किया गया। इस दौरान शीर्ष नेताओं ने पदाधिकारियों को पार्टी के कार्यक्रमों में सामाजिक भागीदारी को बढ़ाने पर फोकस करने को भी कहा।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि हमें समाज के हमें समाज के सभी वर्गों और क्षेत्र के लोग के साथ समन्वय बनाकर काम करना है। उनके धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, महापुरुषों के दिवसों ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम आयोजित करने है। ताकि पार्टी के जनाधार को और अधिक विस्तार मिल सके। भट्ट ने प्रत्येक महीने के आखिरी रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम से प्रत्येक पदाधिकारी के साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में आमजन को भी इससे जोड़ने के लिए कहा।
कार्यसमिति में पार्टी के सभी सांगठनिक जिलों, मंडल, मोर्चों के अध्यक्ष और महामंत्री के अलावा सभी प्रकोष्ठों के संयोजक शामिल हुए। रविवार को कार्यसमिति के दो सत्र आयोजित किए गए। बैठक के दूसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री और राज्य के वरिष्ठ पदाधिकारी भी कार्यसमिति में शामिल होंगे।
लोकसभा और निकाय चुनावों पर भी हुआ मंथन
भारतीय जनता पार्टी की कार्यसमिति के पहले दिन इसी वर्ष नगर निकाय चुनाव और वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव को लेकर भी मंथन किया गया। पार्टी नेताओं ने प्रदेश के निकायों में जीत दर्ज करने और लोकसभा की सभी पांचों सीटों पर हैट्रिक बनाने पर जोर दिया। पदाधिकारियों को इसके लिए राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर से मिले निर्देशों का अनुपालन करने के साथ ही उन्हें धरातल पर क्रियान्वित करने को कहा गया।
मजबूत हाथों में है देशः दुष्यंत गौतम
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि आज देश मजबूत हाथों में है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व का पूरी दुनिया लोहा मान रही है। इसका ताज़ा उदाहरण सऊदी अरब अमीरात द्वारा पाकिस्तान को फटकार लगाना है। कहा कि भारत को जी20 की मेजबानी मिलना भी देश के नेतृत्व की क्षमता को दिखाता है।
यह रहे कार्यसमिति में मौजूद
प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार, उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, महिला मोर्चे प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, जिलाध्यक्ष ऋषिकेश रविन्द्र राणा, नीलम चमोली, खिलेन्द्र चौधरी, देवेन्द्र नेगी, दिनेश पयाल, संजीव चौहान, चेतन शर्मा, राजेश जुगलान, गणेश रावत, शिवानी भट्ट, लक्ष्मी गुरुंग, बीना बंगवाल, कमलेश भंडारी, कमला नेगी आदि।