
ऋषिकेश। लायंस क्लब रॉयल के सदस्य अपने सामाजिक दायित्वों को निभाने के लिए सर्द मौसम के बावजूद आधी रात को घरों से बाहर निकले और सड़कों पर बेघर, बेसहारों को रजाईयों का सहारा दिया। इस काम में सीओ पुलिस दिनेश चंद्र ढौंडियाल ने भी उनका साथ निभाया।
सोमवार की मध्यरात्रि के करीब लायंस क्लब रॉयल के सदस्य दूनमार्ग स्थित अभिनव फ्यूल्स पर जुटे। सबसे पहले वह 50 रजाईयां लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से उन्होंने सीओ पुलिस दिनेश चंद्र ढौंडियाल के मार्गदर्शन में रजाई वितरण शुरू किया। जो कि देररात त्रिवेणीघाट पर संपन्न हुआ। इस दौरान कड़ाके की ठंड में सड़कों के किनारे ठिठुर रहे बेघर और बेसहारा लोगों को रजाईयां दी गई।
इसबीच सीओ ढौंडियाल ने क्लब सदस्यों के प्रयासों को सराहा। कहा कि मध्यरात्रि में जरूरतमंद की सेवा में तत्पर रहना ही सच्ची समाजसेवा है। उन्हें इस काम के लिए साथ आना अच्छा लगा।
क्लब सदस्यों का कहना था कि ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, ऐसे वक्त कई बेसहारा लोग सड़कों के किनारे बिना गर्म कपड़ों के रात बिताने मजबूर होते हैं। जिनकी मदद के मकसद से क्लब ने इसवर्ष भी रजाई वितरण का निर्णय लिया। इस काम में लियो क्लब ऋषिकेश रॉयल के बच्चों ने भी साथ दिया।
कार्यक्रम में हिमांशु अरोड़ा, धीरज मखीजा, सुशील छाबड़ा, पंकज चंदानी, अरविंद किंगर, सुमित चोपड़ा, राहुल छाबड़ा, तरुण चोपड़ा, पुनीत गुप्ता, संजय पंवार आदि साथ रहे।