मुनिकीरेती में नगरपालिका ने रोपे 100 फूलदार पेड़

ऋषिकेश। मुनिकीरेती के निकाय क्षेत्र के मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से नगर पालिका ने 500 फूलदार पेड़ों को लगाने का लक्ष्य तय किया है। शनिवार को निकाय की टीम ने पीडब्लूडी तिराहे से भद्रकाली तिराहे तक 100 पेड़ों के रोपण के साथ अभियान की शुरूआत की।
शासन के निर्देश और प्रशासक देवेंद्र सिंह नेगी व अधिशासी अधिकारी तनवीर सिंह मारवाह के आदेशों पर नगर पालिका ने हरेला पर्व मनाते हुए पीडब्लूडी तिराहे से भद्रकाली तिराहे तक मुख्य मार्ग के दोनों ओर अमलतास, गुलमोहर, लारजेस्टोमिया, सावनी, बोटल ब्रश, टिकोमा और लसिया गुलविका के फूलदार पेड़ लगाए।
लेखालिपिक सूरज सिंह पुंडीर ने बताया कि निकाय क्षेत्र की सुंदरता को बढ़ाने के लिए पीडब्लूडी तिराहे से भद्रकाली तिराहे और ढालवाला मुख्य मार्ग पर दोनों ओर कुल 300 फूलदार पेड़ लगाए जाने हैं। इसके अलावा निकाय के अन्य स्थानों पर 200 फूलदार पेड़ भी लगाए जाएंगे। मौके पर सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण और निकाय की टीम मौजूद रही।