उत्तराखंडदेश

उत्तराखंड-हिमाचल के बीच कनेक्टिविटी विस्तार पर चर्चा

• सीएम पुष्कर सिंह धामी से हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने की मुलाकात

देहरादून। हिमाचल के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उनके बीच उत्तराखंड और हिमाचल के बीच कनेक्टिविटी को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों राज्यों की सीमा पर स्थानीय काश्तकारों को टोल टैक्स में छूट प्रदान की जाए।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर दूरभाष पर हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भी दोनों राज्यों के बीच कनेक्टिविटी के विस्तार पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड और हिमाचल की भौगोलिक स्थिति लगभग एक जैसी है। हाल ही में सम्पन्न हुई नीति आयोग की बैठक में हिमालयी राज्यों के समग्र विकास के लिए विशिष्ट नीतियां बनाने का भी अनुरोध किया है।

हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड को जोडने वाले पांवटा साहिब में यमुना नदी पर 550 मीटर लम्बे 02 लेन पुल पर वाहनों की आवाजाही के कारण भारी कम्पन दिखाई देती है। आई.आई.टी. रूडकी की जांच और संस्तुति के बाद सड़क परिवहन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा भी इसके मरम्मत की मंजूरी दे दी गई है। इसके लिये कम से कम 02 माह पुल के यातायात को बंद करना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा इसके लिए पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुल की मरम्मत से पहले जिलाधिकारी देहरादून और जिलाधिकारी सिरमोर द्वारा डायवर्जन प्लान बनाया जाएगा।

विक्रमादित्य ने कहा कि यातायात की सुगमता के लिए पुल के पास बनाए गए वन, खनन, आबकारी और आर.टी.ओ. के अवरोधों व लोडेड वाहनों की पार्किंग को पुल से 01 किमी. दूर स्थानान्तरित किए जाने की आवश्यकता होगी। इस पर मुख्यमंत्री ने आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

कैबिनेट मंत्री हिमाचल ने उत्तराखंड द्वारा यमुना नदी पर बनाए गए भीमावाला नावघाट 540 मीटर लम्बे पुल को जोडने वाले 820 मीटर लम्बे संपर्क मार्ग के निर्माण पर भी चर्चा की। कहा कि हिमाचल से उत्तराखंड को जोडने वाले धौला से सेवाडोगरी तक 10 किमी. सड़क निर्माण कार्य होने से डोडराक्वार क्षेत्र 12 महीने आवागमन सुचारू हो जाएगा।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश की पूर्व लोकसभा सांसद प्रतिभा सिंह, सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय और हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button