Tourism: अभी से करनी होंगी भविष्य की तैयारियां: मुख्य सचिव
![](https://shikharhimalaya.com/wp-content/uploads/2023/01/03-jan-23-dehradun-cs-meeting.jpg)
Uttarakhand Tourism: देहरादून। मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने प्रदेश में पर्यटन की भावी सम्भावनाओं को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे बनने के बाद सैलानियों की संभावित बढ़ी हुई आमद को लेकर हमें अभी से तैयारियां शुरू करनी होंगी।
मंगलवार को मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने सचिवालय में पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चारधाम के साथ ही प्रदेश के पर्यटक स्थल इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वीकेंड के दिनों में सालभर ज़्यादातर पर्यटक दिल्ली-एनसीआर से आते हैं। भविष्य में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे बन जाने के बाद जब पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, उसके लिए हमें अभी से तैयारियां शुरू करनी होंगी।
सीएस ने अधिकारियों को प्रदेश की भौगोलिक स्थिति के अनुसार कैटेगरी ‘ए‘ में ऐसी गतिविधियों को रखने के निर्देश दिए, जिन्हें तुरन्त शुरू किया जा सकता है। वहीं कैटेगरी ‘बी‘ में ऐसे गतिविधियां रखी जाएं, जिन्हें शुरू किए जाने के लिए पहले कई प्रकार के कार्य किए जाने हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के शुद्ध वातावरण में ऐस्ट्रॉ विलेज की भी काफी सम्भावनाएं हैं। इसके लिए 5-10 जगहें चिह्नित कर इसे शीघ्र शुरू किया जाना चाहिए। कहा कि वाटर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में अत्यधिक सम्भावनाएं हैं, इस दिशा में भी काम किया जाए।
उन्होंने कहा कि पर्यटकों को प्रदेश में होने वाली समस्त पर्यटन गतिविधियों की जानकारी एक जगह मिल सके, इसके लिए पोर्टल को लगातार अपडेट किया जाए। कहा कि पर्यटन को बढ़ावा दिए जाने के लिए बजट की कमी नहीं होने दी जाएगी।