सियासत

सियासतः 10 सालों में बदली राजनीति की परिभाषा और संस्कृतिः नड्डा

• भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सीएम धामी मसूरी में विजय संकल्प रैली में हुए शामिल

Tehri Lok Sabha Chunav 2024 : मसूरी। लोकसभा चुनाव में टिहरी संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह के समर्थन में आयोजित विजय संकल्प रैली में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने अपने भाषणों में जहां भाजपा सरकार के 10 वर्षों की उपलब्धियों को गिनाया, वहीं विपक्ष खासकर कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा।

सोमवार को गांधी चौक में आयोजित विजय संकल्प रैली में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हम टिहरी लोकसभा से माला राज्यलक्ष्मी शाह की जीत का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। यह चुनाव प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का चुनाव है। 10 साल पहले राजनीति उदासीनता से भरी हुई थी। आम इंसान भी बोला करता था राजनीति से कुछ नही बदलेगा, जैसा चल रहा है वैसा चलेगा, यहां कुछ बदलने वाला नहीं है। कहा कि बीते 10 सालों में प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति की परिभाषा, संस्कृति, चाल ढाल, तौर तरीका बदला है।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सख्त फैसला लेते हुए कोरोनाकाल में सख्त लॉकडाउन लगाया गया। दो महीने में देश को कोरोन से लड़ने के लिए तैयार किया। कहा देश में पहले दवाइयां आने में कई साल लग जाते थे। परंतु कोरोना के नौ महीने बाद, भारत में 2 वैक्सीन बनाई जाती हैं। 220 करोड़ डबल डोज लगाकर कोरोना से लड़ने के लिए देश तैयार हो जाता है। भारत में दुनियां का सबसे बड़ा और सबसे तेज वैक्सीन प्रोग्राम होता है। आज के भारत ने 100 देशों को कोरोना वैक्सीन पहुंचाई और 48 देशों को मुफ्त में वैक्सीन पहुंचाई।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 3 लाख से ज्यादा गांवों को सड़क से जोड़ दिया गया है। पहले महिलाएं कई किलोमीटर दूर से पानी लाती थी। आज सबके घर में पानी आ रहा है, शौचालय भी बन गए हैं। भाजपा सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लगभग 55 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये का सालाना स्वास्थ्य बीमा निःशुल्क प्रदान किया है। कहा भाजपा के मेनिफेस्टो में 70 साल से ऊपर के व्यक्ति को आयुष्मान भारत का लाभ दिए जाने की बात कही गई है। संकल्प पत्र में किन्नर समाज के लोगों को भी आयुष्मान भारत से जोड़ने की बात कही गई है।

जेपी नड्डा ने कहा कि सैनिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए वन रैंक वन पेंशन लागू किया गया है। देश में 1 लाख करोड़ रूपए ओ.आर.ओ.पी पर खर्च हुआ है। उत्तराखंड में 3500 करोड रूपए ओ.आर.ओ.पी के माध्यम से 1 लाख 26 हज़ार सैनिकों को दिया गया है। पहाड़ों के बॉर्डर एरिया में 10 सालों में डबल लेन रोड़, ऑल वेदर रोड, डबल लेन पुल का कुल 13525 कि.मी का निर्माण हुआ है। उत्तराखंड के 22 प्रोजेक्ट में 947 किलोमीटर की सड़क बनाई गई है। बॉर्डर में सड़कों के निर्माण से विकास को आगे बढ़ाया जा रहा हैं।

उन्होंने कहा कि 51 गांव वाइब्रेंट विलेज योजना में शामिल किए गए हैं। इनके विकास के लिए 758 करोड़ रूपए खर्च होगा। चारधाम सड़क का निर्माण कार्य हुआ है। ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल लाइन पहुंचाई जा रही है। केदारनाथ का पुनर्निमाण का कार्य हुआ है। मसूरी में पर्यटन के कई विकास कार्य जारी हैं। कहा उत्तराखंड यूनिफॉर्म सिविल कोड में नंबर वन रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने राज्य में आयुष्मान योजना के साथ अटल आयुष्मान को जोड़कर 52 लाख कार्ड बनाए गए हैं।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देहरादून में एयरपोर्ट का नया टर्मिनल का कार्य हुआ है। स्मार्ट सिटी में देहरादून को जोड़ा गया है। किसान सम्मान निधि को अगले 5 वर्षों के लिए आगे बढ़ाया गया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को भी आगे बढ़ाया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ पक्के घर गरीबों को दिए गए हैं। अभी संकल्प पत्र में 3 करोड़ और घरों को बनाने की व्यवस्था की गई है। आज हर पंचायत में 3 करोड़ से ज्यादा पैसा विकास योजनाओं के लिए आ रहा है।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा, एनडीए का एक संकल्प पत्र है। परंतु गठबंधन होने के बावजूद विपक्ष में हर पार्टी का अलग-अलग संकल्प पत्र है। कहा कि गठबंधन होने के बावजूद आपस में मिलने का संकल्प नही है। विपक्षी गठबंधन भ्रष्टाचारियों का गठबंधन है। मोदी ने संकल्प लिया है कि 4 जून के बाद भ्रष्टाचारियों पर और तेज करवाई होगी। विपक्ष का गठबन्धन भ्रष्टाचारियों को बचाने की बात करता है। उनका जनता से कोई लेना-देना नहीं है। विपक्ष का लेना देना बस अपने परिवार से है। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में बोफोर्स, अगस्ता वेस्टलैंड, पनडुब्बी, कोयला, 2जी सहित कई घोटाले किए। अखिलेश ने लैपटॉप तो लालू ने चारा घोटाला किया। इन सब घोटालों में घोटाले और परिवार की पार्टियां है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर 19 अप्रैल को हमने मतदान करना है। विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए 400 पार के नारे को सिद्ध करना है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास के कई कीर्तिमान स्थापित किये हैं। आधुनिक भारत के साथ आत्मनिर्भर भारत का निर्माण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपना परिवार मानकर अंत्योदय के लक्ष्य को लेकर निरंतर कार्य कर रहे हैं।

सीएम धामी ने कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र में हर क्षेत्र के उदय की बात कही गई है। राज्य सरकार ने भी राज्य के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। जो उत्तराखंड को बेहतर और श्रेष्ट राज्य बनाने का मार्ग प्रशस्त करेंगे। कहा 2022 विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में हमने समान नागरिक संहिता का संकल्प रखा था। हमने मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए समान नागरिक संहिता विधेयक पारित कर दिया। भाजपा द्वारा संकल्प पत्र में पूरे देश के अंदर यूसीसी की जरूरत बताई है। कहा नकल विरोधी कानून को भी संकल्प पत्र में स्थान दिया गया है। जिसे हम राज्य में पहले ही लागू कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लैंड जिहाद पर कार्यवाही हुई है, प्रदेश में दंगारोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया हुआ है। कहा पिछले दिनों हमने अतिक्रमण हटाने के अभियान को जारी रखने की बात कही थी। जिसका कांग्रेस के लोगों ने दुष्प्रचार शुरू कर दिया है। कहा उत्तराखंड के मूल स्वरूप को बिगाड़ने वाले, हमारी संस्कृति को नुकसान पहुंचाने वाले अतिक्रमण पर भी कांग्रेस राजनीति कर रही है। उत्तराखंड के मूल स्वरूप को किसी भी कीमत में खराब नहीं होने दिया जाएगा। कहा एक ओर हमारी सरकार मोदी के विकास की गारंटी वाली डबल इंजन की भाजपा सरकार है। दूसरी ओर भ्रष्टाचारियों और घोटालेबाजों की देश को लूटने की गारंटी वाली कांग्रेस है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पीएम मोदी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया जा रहा है। यही कारण है कि कांग्रेस और देश के अन्य भ्रष्टाचारी दलों ने मिलकर गठबंधन कर लिया है। जनता का भरोसा खोने के बाद विपक्ष ईवीएम को दोष देता है, तो कभी लोकतंत्र को खतरे में बताते हैं। कांग्रेस ये कभी नहीं बताएगी कि हज़ारों सिखों का कत्लेआम करने वाले लोकतंत्र को झूठी बात करते हैं। इन्हीं लोगों ने सत्ता हथियाने के लिए देश में इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र का गला घोटने का काम किया था।

मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, नेहा जोशी आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button