विदा हुई पीएम मोदी की मां हीराबा, पंचतत्व में विलीन
पीएम मोदी ने दिया कंघा और मुखाग्नि, देश दुनिया के नेताओं ने जताया दुःख

PM Modi’s Mother Passed Away : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता हीराबेन का 100 वर्ष की आयु में शुक्रवार तड़के करीब 3.30 बजे निधन हो गया। मां को अंतिम विदाई देने गांधीनगर पहुंचे पीएम मोदी ने भाई के साथ मां की पार्थिव देह को मुख्याग्नि दी। इस दौरान पारिवारिक सदस्य भी मौजूद रहे।
हीराबा अहमदाबाद के अस्पताल में भर्ती थी। बुधवार को तबियत बिगड़ने पर उन्हें यून मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक दिन पहले ही गुजरात सरकार ने उनकी सेहत में सुधार की जानकारी दी थी। लेकिन आज सुबह करीब 3.30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। जिसके बाद पीएम मोदी गांधीनगर पहुंचे। उन्होंने मां को श्रद्धांजलि दी और अंतिम विदाई तक साथ रहे।
इससे पूर्व पीएम मोदी ने ट्वीट कर मां हीराबेन को श्रद्धांजलि दी। ट्वीट में लिखा कि शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम… मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता हीराबेन के अवसान पर देश और दुनिया के बड़े नेताओं ने दुःख जताया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हीराबेन मोदी के निधन पर शोक व्यक्त किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भी पीएम मोदी की मां हीराबेन के निधन पर दुःख जताया।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट मे लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद मोदी जी की माताजी, श्रीमती हीरा बा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस मुश्किल समय में, मैं उन्हें और उनके परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं और प्यार व्यक्त करता हूं।