ऋषिकेश

गंगा घाटों की सफाई कर दिया स्वच्छ दिवाली का संदेश

मुनिकीरेती/ऋषिकेश। स्वच्छ दीपावली-शुभ दीपावली कार्यक्रम के तहत नगर पालिका ने गंगा घाटों में वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाया। साथ ही पूर्णानंद घाट में 501 दीए जलाकर दीपांजली कार्यक्रम आयोजित किया।

निकाय प्रशासक देवेंद्र सिंह नेगी और अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी के निर्देश पर शुक्रवार को नगर पालिका ने स्वच्छ दीपावली-शुभ दीपावली कार्यक्रम धूमधाम से मनाया। सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण के नेतृत्व में पालिका की टीम जानकी झूला रेहड़ी यूनियन के सदस्य और स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 की टीम जानकी सेतु झूला में एकत्र हुई।

संयुक्त टीम ने गंगा घाटों जानकी झूला, पूर्णानंद घाट और खारास्रोत घाट में सूखे कूड़े के विरूद्ध विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान करीब एक कुंटल से अधिक सूखा कूड़ा एकत्र कर खारास्रोत अपशिष्ट केंद्र भेजा गया।

इसके बाद टीम ने पूर्णानंद घाट में 551 दीप जलाकर दीपांजली कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें स्थानीय लोगों और महिला गंगा आरती मुनिकीरेती के सदस्यों ने बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया। सामूहिक गंगा आरती कर सभी ने दीपांजली कार्यक्रम धूमधाम से मनाया।

मौके पर सफाई सुपरवाइजर बाबू सिंह, जानकी झूला रेहड़ी यूनियन के अध्यक्ष धर्मेद्र, सचिव जितेंद्र यादव, महिला गंगा आरती मुनिकीरेती की अध्यक्षा आशा, सदस्य स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 प्रज्जवल शर्मा, मनीष भट्ट, सुनील सिंह, महिला गंगा आरती की सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button