अधिकारी जनसमस्याओं का जल्द करें समाधानः महाराज
कैबिनेट मंत्री ने चौबट्टाखाल क्षेत्र की विकास योजनाओं की समीक्षा की

पौड़ी। कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज की अध्यक्षता में विधानसभा क्षेत्र की विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान महाराज ने अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।
मंगलवार को विकास भवन सभागार पौड़ी में आयोजित बैठक में महाराज ने अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर जनसमस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के निर्देश दिए। कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।
बैठक में लोक निर्माण विभाग की विभिन्न मोटर मार्ग योजनाओं और निर्माणाधीन सड़कों की समीक्षा की गई। सतपाल महाराज ने सड़क निर्माण, सुधारीकरण और डामरीकरण कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें लोगों के लिए जीवनरेखा का कार्य करती हैं।
परिवहन विभाग को लंबित सड़क परियोजनाओं के शीघ्र सर्वेक्षण और स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। वहीं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने वन विभाग व लोनिवि अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर लंबित मामलों का निस्तारण करने और 30 मई तक निरीक्षण प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में बताया गया कि स्टेज-2 के तहत स्वीकृत 16 कार्यों में से 8 पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 6 प्रगति पर हैं। वर्ष 2022 से स्वीकृत 40 डामरीकरण कार्यों में से 35 पूरे किए जा चुके हैं। इसके अलावा वन टाइम मेंटेनेंस और आपदा मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली में स्वीकृत 10 पदों के सापेक्ष 3 पद रिक्त पाए गए। इस पर मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात कार्मिकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को झूलती बिजली लाइनों और क्षतिग्रस्त पोलों को तत्काल ठीक करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, पूर्व जिपंस अध्यक्ष शांति देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, अधीक्षण अभियंता लोनिवि महिपाल सिंह रावत, अधिशासी अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, जल निगम के मोहम्मद मिशम, आरटीओ विमल पांडे, डीएसटीओ राम सलोने, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग विनोद कुमार जोशी, विद्युत विभाग से अभिनव रावत, एएमए जिला पंचायत भावना रावत, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला शिक्षाधिकारी (बेसिक) अंशुल बिष्ट, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पांडेय, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा आदि मौजूद रहे।



