आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण से सशक्त होंगे ग्राम प्रहरी

मसूरी। पर्वतीय क्षेत्रों में आपदा के दौरान त्वरित राहत व बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से थाना कैम्पटी फॉल क्षेत्र में आपदा प्रबंधन जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 50 ग्राम प्रहरियों के साथ स्थानीय पुलिस, होमगार्ड, पीआरडी जवानों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्राम प्रहरियों को आपदा प्रबंधन की बुनियादी जानकारी और व्यावहारिक कौशल प्रदान करना था, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ के साथ समन्वय स्थापित कर राहत कार्यों में प्रभावी सहयोग दे सकें।
एसडीआरएफ के प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को भूकंप, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी। प्रशिक्षण में अत्यधिक रक्तस्राव रोकने के उपाय, सीपीआर देने की सही विधि, गला चोक होने की स्थिति में प्राथमिक उपचार तथा उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी स्ट्रेचर तैयार करने जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।
इसके अलावा घायल व्यक्तियों को सुरक्षित ढंग से स्थानांतरित करने के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए। कार्यक्रम के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों की विभिन्न तकनीकों का जीवंत प्रदर्शन कर प्रतिभागियों को आपदा के समय त्वरित निर्णय लेने और बिना घबराए कार्य करने के लिए प्रशिक्षित किया गया।
ग्राम प्रहरियों ने इस पहल को उपयोगी बताया, कहा कि दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में ऐसे प्रशिक्षण शिविर स्थानीय स्तर पर आपदा से निपटने की क्षमता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



