निरंकारी मिशन ने रेलवे स्टेशन में चलाया स्वच्छता अभियान

ऋषिकेश। विश्व पर्यावरण दिवस पर संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के देशव्यापी स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत ऋषिकेश रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अभियान में ऋषिकेश, भोगपुर और रायवाला शाखाओं के लगभग 300 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना के साथ हुई, जिसके बाद स्वयंसेवकों ने रेलवे स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म की सफाई कर 13 बैग कूड़ा एकत्रित किया। एकत्रित कूड़े को निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा।
इस दौरान फाउंडेशन के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक से सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार और प्रदूषण रोकने का संदेश दिया। कार्यक्रम में नगर निगम के मेयर शंभू पासवान और रेलवे अधीक्षक मनोज तोमर की मौजूदगी में पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
ब्रांच इंचार्ज महादेव कुड़ियाल ने कहा कि मिशन स्वच्छता, सेवा और पर्यावरण संरक्षण के मूल्यों को समाज, विशेषकर युवाओं तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।



