पहाड़ों पर भूस्खलन अभिशाप बनता जा रहा है। गुरुवार की रात जोशीमठ के निकट सूकी में ऐसी ही घटना सामने आई। पहाड़ी से भारी भरकम बोल्डर गिरने के चलते सड़क किनारे पार्क कई वाहन दब गए। गनीमत रही कि उस वक्त वाहनों में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।
जानकारी के मुताबिक सीमांत जोशीमठ क्षेत्र के सूकी गांव के निकट भोरपाणी में दिवाली की रात पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरने लगे। जिसमें एक बलेनो, दो आल्टो कार और एक स्कूटी बोल्डरों की चपेट में आ गए। बोल्डर इतने विशाल थे कि वाहनों का कचूमर निकल गया।
ग्रामीणों के द्वारा रात के समय अन्य दिनों की तरह ही सड़क किनारे वाहन पार्क किए हुए थे। शुक्र रहा कि उस दौरा वाहनों में कोई मौजूद नहीं था।