उत्तराखंड में गठित होगा पहला युवा आयोग: धामी
• स्वतंत्रता दिवस पर सीएम धामी ने की सात बड़ी घोषणाएं

• चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में बनेंगे विशेष औद्योगिक पार्क
• मुख्यमंत्री ने सीएम आवास पर भी फहराया राष्ट्रीय ध्वज
देहरादून, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने विकास और जनकल्याण से जुड़ी 07 महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की। इनमें तीन जिलों में विशेष औद्योगिक पार्क की स्थापना, प्रदेश में प्रथम युवा आयोग का गठन और युवाओं के लिए स्वरोजगार व कौशल प्रशिक्षण की योजनाएं प्रमुख हैं।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन से हुई। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने पुलिस के 14 अधिकारियों-कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
शहीदों और सैनिकों को किया नमन
मुख्यमंत्री ने अमर शहीदों, वीर बलिदानियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस जवानों के प्रति कृतज्ञता जताई। हाल की प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की, कहा कि सरकार संकट की घड़ी में हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।
सैनिक परिवारों के लिए बढ़ाई सहायता
धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। बलिदानियों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख और परमवीर चक्र विजेताओं के परिवारों की राशि 50 लाख से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये की गई है। प्रत्येक बलिदानी परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में समायोजित किया जा रहा है।
10 हजार छात्रों को मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग
मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के तहत कक्षा 11वीं और 12वीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। पहले चरण में 10 हजार विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। इसके लिए 07 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। खेलों के क्षेत्र में 23 खेल अकादमियां स्थापित करने और खेल विश्वविद्यालय के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
युवाओं को उद्यम के लिए मिलेगा सरकारी अनुदान
घोषणाओं के तहत वर्ग-3 और वर्ग-4 भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये होगा। 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए स्वरोजगार योजनाएं शुरू होंगी। आईआईटी और आईआईएम के सहयोग से निशुल्क उद्यमिता व कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी।
समारोह में यह रहे मौजूद
पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल आदि। 
सीएम आवास पर भी किया ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के राज्यस्तरीय समारोह से पूर्व सीएम धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर तिरंगा फहराया। इस अवसर पर सीएम ने मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। कहा कि अमर बलिदानियों के सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में निष्ठा और समर्पण से योगदान देना होगा। कहा कि उत्तराखंड के समग्र, संतुलित और सतत विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग तक पहुंचे।



