देहरादून

लंबित सिंचाई परियोजनाओं में लाएं तेजीः महाराज

देहरादून, 08 अक्टूबर। सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को लंबित सिंचाई परियोजनाओं में तेजी लाने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

गुरुवार को यमुना कॉलोनी में विभागीय बैठक के दौरान उन्होंने पुलों के नीचे नदियों और नालों का उचित चैनलाइजेशन करने के निर्देश भी दिए। कहा कि वर्तमान सिंचाई क्षमता के सापेक्ष किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं मिल पा रही है। इसके लिए आवश्यक उपाय तत्काल किए जाएं। उन्होंने पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली योजनाओं के लिए थर्ड पार्टी गुणवत्ता परीक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी नहरों की टेल फीडिंग सुनिश्चित करने और बजट का मानकों के अनुसार उपयोग करने को कहा। जलाशयों व बैराजों की स्थिति, जल प्रबंधन और प्रमुख संस्थाओं की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए।

मंत्री ने बताया कि आपदा से क्षतिग्रस्त चमोली और थराली के 24 कार्यों के लिए 1076 करोड़ रुपये, सात योजनाओं के लिए 774.33 करोड़ रुपये और कुंभ कार्यों के लिए 98 करोड़ रुपये के बजट की मांग की गई है। जमरानी बांध के लिए इस वर्ष 337 करोड़ रुपये का प्रावधान है, जिसमें 166 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी हो चुकी है।

बैठक में अपर सचिव सिंचाई गरिमा रौंकली, प्रमुख अभियंता सुभाष चंद्र पांडे, मुख्य अभियंता शंकर कुमार शाह और मुख्य अभियंता चंद्रशेखर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button