बदहाल सड़क पर गुस्सा, यहां ‘दुल्हा’ भी धरने पर बैठा

Haldwani: नैनीताल जिले के हैड़ाखान मार्ग पर उस वक्त अजब गजब स्थिति पैदा हो गई, जब खस्ताहाल सड़क से गुस्साए एक बरात का दुल्हा धरने पर बैठ गया। सड़क सुधारने को लेकर यहां नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने एक घंटे का उपवास रखा था।
बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल के दिनों में संबंधित विभागों को राज्यभर में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए थे। लेकिन विभागीय कार्यप्रणाली ही ऐसी रही कि प्रदेश के कई मार्ग आज भी खस्ताहाल हैं। जिनमें नैनीताल जिले का हैड़ाखान मार्ग भी शामिल है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हैड़ाखान मार्ग पर आज एक बारात बदहाल सड़क के चलते लगे जाम में फंस गई। जिसके कारण यहां से गुजर रही एक बरात का दुल्हा और मेहमान बैंडबाजों के साथ पैदल ही आगे निकले। इसबीच रास्ते में उन्हें सड़क सुधारने की मांग को लेकर धरने पर बैठे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल कार्यकर्ताओं के साथ दिखे।
जिसके बाद दुल्हा भी उनके साथ धरने में शामिल हो गया। दुल्हे का कहना था कि हैड़ाखान मार्ग लंबे समय से खस्ताहाल हैं। स्थानीय लोगों की कई बार मांग के बाद भी रोड नहीं सुधरी है। लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। सांकेतिक धरने के बाद दुल्हा यहां से आगे के लिए रवाना हो गया।
इसबीच नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार के शब्दकोश में ना ‘विकास’ शब्द है और ना ही सरकार की नीयत साफ है। सरकार चाहे तो बजट पास करके इसे बेहतर करते हुए दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों का आवागमन सुगम बना सकती है।