देहरादून

Dehradun: स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां लगभग फाइनल

डीएम और एसएसपी ने परेड ग्राउंड में स्थलीय निरीक्षण किया

देहरादून, 12 अगस्त। देहरादून में राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां लगभग फाइनल हैं। 15 अगस्त की सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण करेंगे। बुधवार को डीएम डॉ. आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, महानुभावों व गणमान्य व्यक्तियों के लिए बैठक व्यवस्था, वाहन पार्किंग, सुरक्षा, यातायात संचालन, विद्युत आपूर्ति, स्वागत-सत्कार, स्वच्छता व पेयजल समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी माइक्रो प्लानिंग के तहत आपसी समन्वय से कार्य करें और सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यवस्था अधूरी न रहे। इस दौरान उन्होंने मुख्य मंच, सेफ हाउस, फोटो गैलरी, साउंड सिस्टम और समारोह के लाइव प्रसारण के लिए एलईडी स्क्रीन की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

डीएम डॉ चौहान ने पुलिस परेड व सलामी कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्यक्रम को व्यवस्थित व गरिमापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

समारोह में पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल पुलिस बैंड की धुन पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस व विभागीय अधिकारियों को सम्मानित करेंगे।

वहीं, 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ आयोजित किया जाएगा। इसमें वर्ष 1947 के विभाजन पीड़ितों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। दून लाइब्रेरी में सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश देने के लिए एक प्रदर्शनी लगेगी। नगर निगम परिसर में शाम को कवि सम्मेलन आयोजित होगा।

मौके पर सीडीओ अभिनव शाह, एडीएम (एफआर) केके मिश्रा, एडीएम (प्रशासन) स्मृता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चंद्र तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, विनोद कुमार, पीडी विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button