ऋषिकेशदेहरादून

कांवड़ मेलाः 4 जोन 13 सेक्टर में बंटा क्षेत्र

जिला प्रशासन अलर्ट, 25 जुलाई तक तैयारियों के निर्देश

• फेक नाम वाले होटल, ढाबों पर रहेगी नजर, होगी कार्रवाई

देहरादून, 07 जुलाई। कांवड़ मेला 2026 को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। जनपद में कांवड़ मेला क्षेत्र को 4 जोन और 13 सेक्टरों में बांटा गया है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को मेले की तैयारियों को हर हाल में 25 जुलाई तक पूरे करने के निर्देश दिए हैं।

मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ऋषिपर्णा सभागार में कांवड़ मेला को लेकर विभागों के साथ हाई-लेवल बैठक की। साफ किया कि यात्रा के दौरान किसी की भी धार्मिक आस्था को ठेस नहीं पहुचनी चाहिए। उन्होंने चेताया कि लापरवाही पर अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

30 जुलाई से 11 अगस्त तक कार्यक्रम
प्रशासन के अनुसार 30 जुलाई से शुरू कांवड़ मेला 11 अगस्त तक चलेगा। 31 जुलाई से 4 अगस्त तक पीक अवधि रहेगी। 8 से 11 अगस्त तक डाक कांवड़ का संचालन होगा। 11 अगस्त को शिवालयों में पवित्र जलाभिषेक होगा।

4 जोन और 13 सेक्टरों में बंटा मेला क्षेत्र
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए पूरे कांवड़ मार्ग को 4 जोन और 13 सेक्टरों में बांटा गया है। परिवहन विभाग को जिले की सीमाओं पर वाहनों की नियमित चेकिंग करने, ओवरलोडिंग पर प्रतिबंध लगाने और सड़क दुर्घटनाएं रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

फर्जी नाम वाले ढाबों पर हो कार्रवाई
जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध दुकानों और फर्जी नाम वाले ढाबों पर होगी त्वरित कार्रवाई की जाए। ऋषिकेश नगर निगम को कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और मदिरा की बिक्री प्रतिबंध करने और फर्जी नामों से संचालित होटलों और ढाबों पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है। पर्यटन विभाग को होटल व ढाबा संचालकों के अनिवार्य सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं।

सड़कों को करें दुरस्त, रखें साफ सफाई
लोक निर्माण विभाग को यात्रा मार्ग के पैचवर्क, गड्ढों को भरने, पुलों की रेलिंग ठीक करने, स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। गंगा घाटो पर सुरक्षा चेन व साफ-सफाई के लिए सिंचाई विभाग को और नगर निगम घाटों की सफाई, लाइट और डेंगू से बचाव के लिए फॉगिंग व दवाओं का छिड़काव के लिए कहा गया है।

रेट लिस्ट अनिवार्य
खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि होटलों-ढाबों पर खाने-पीने की चीजों की नियमित जांच हो। सभी दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा होना अनिवार्य है। ओवररेटिंग करने वालों पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए।

24 घंटे मेडिकल और एम्बुलेंस सेवा
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कांवड़ मार्ग के चिन्हित स्थानों पर मेडिकल टीमें, आधुनिक जीवन रक्षक उपकरण, एम्बुलेंस और जरूरी दवाओं की उपलब्धता चौबीसों घंटे बनाए रखने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को यात्रा मार्ग से ढीले तार और अव्यवस्थित पोल हटाने और जल संस्थान को पेयजल आपूर्ति व अस्थायी शौचालयों में पानी का पर्याप्त इंतजाम रखने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग जंगली जानवरों से कांवड़ियों की सुरक्षा के इंतजाम करने को कहा गया।

यह भी बोले डीएम चौहान
जिलाधिकारी ने कहा कि वह केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि तैयारियों का जायजा लेने के लिए खुद कांवड़ मार्ग और विभागीय कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। बैठक में स्थानीय स्तर पर की गई तैयारियों को लेकर एसडीएम ऋषिकेश ने भी कार्यो की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

यह रहे बैठक में मौजूद
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, अपर जिलाधिकारी (प्रशा) स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एमके शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल समेत सड़क, परिवहन, विद्युत, पेयजल, नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button