देहरादूनः नारी निकेतन और बाल सुधार गृह पहुंचे डीएम

देहरादून, 25 जून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने केदारपुरम स्थित नारी निकेतन, बाल सुधार गृह एवं किशोरी गृह का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सुविधाओं, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पुनर्वास गतिविधियों की समीक्षा की।
बाल सुधार गृह में जिलाधिकारी ने वहां रह रहे बालकों से उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य की जानकारी ली। बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को तत्काल ’बेसिक लर्निंग प्रोग्राम’ शुरू करने और उनकी प्रोफाइल बनाने को कहा। स्पष्ट किया कि बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए नियमित काउंसलिंग और स्वास्थ्य परीक्षण जरूरी है।
वहीं, डीएम चौहान ने नारी निकेतन और किशोरी गृह में सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक पुख्ता करने के निर्देश दिए। कहा कि संवासिनियों व किशोरियों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए। परिसर में साफ-सफाई पर ध्यान देने की हिदायत के साथ कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वर्तमान में नारी निकेतन में 160 संवासिनियां, बाल सुधार गृह में 7 किशोर और किशोरी संप्रेक्षण गृह में 12 किशोरियां निवासरत हैं, जिन्हें बेहतर वातावरण देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मौके पर बाल कल्याण समिति अध्यक्ष नमिता ममगाईं, सीएमओ डॉ मनोज कुमार शर्मा, सीईओ विनोद कुमार ढौंडियाल, सदस्य पीएन जौहर, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा आदि मौजूद रहे।



