देहरादूनः जून तक पूरी करें अंडरग्राउंड केबलिंगः CS

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने देहरादून शहर में विद्युत लाइनों की अंडरग्राउंड केबलिंग को लेकर ऊर्जा विभाग और जिलाधिकारी के साथ बैठक की। उन्होंने पिटकुल को सड़कों की खुदाई, अंडरग्राउंड केबलिंग और ब्लैक टॉपिंग कार्य हर हाल में जून महीने में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि पिटकुल सभी स्थानों पर एक साथ काम शुरू करने के बजाय चुनिंदा स्थानों पर कार्य शुरू कर अपनी लेबर को केंद्रित करे, ताकि काम तेजी से और तय समयसीमा में पूरा हो सके। कहा कि इस रणनीति से पूरे शहर में एक साथ सड़कें खोदने की स्थिति नहीं बनेगी और आम लोगों को कम परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने पिटकुल अधिकारियों को जिलाधिकारी के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। कहा कि कार्य की प्रगति समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए। साथ ही डीएम को अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य की साप्ताहिक समीक्षा करने को भी कहा।
मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि किसी स्थान पर कार्य पूर्ण होने के बाद ही अगले स्थान पर काम शुरू करने की अनुमति दी जाए, जिससे कार्य में व्यवस्थित प्रगति बनी रहे। बैठक में प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम, डीएम सविन बंसल और पिटकुल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



