डीएम तक पहुंचा विदेश में नौकरी को लेकर ठगी का मामला
आरोपी पर गैंगस्टर की कार्रवाई के निर्देश, समाधान दिवस में 171 शिकायतें दर्ज

देहरादून, 29 जून। विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये और पासपोर्ट हड़पने का मामला जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के सामने उठा। डीएम ने एसएसपी को मामले में आरोपी के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई के निर्देश दिए।
सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में समाधान दिवस में 171 शिकायतें दर्ज हुई। इसबीच ऋषिकेश के करीब 15 युवाओं ने डीएम से शिकायत में बताया कि एक व्यक्ति ने विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर उनसे बड़ी रकम वसूली और अब पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। जिसपर डीएम ने एसएसपी से वार्ता कर आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर जैसी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
नेहरू ग्राम निवासी संगीता देवी ने पति के दिव्यांग होने के बावजूद पेंशन न मिलने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तत्काल मेडिकल जांच और समाज कल्याण विभाग को एक सप्ताह के भीतर पेंशन शुरू कराने के निर्देश दिए।
वहीं, अर्चना देवी ने बैंक ऋण को लेकर मानसिक उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने लीड बैंक अधिकारी को मामले की जांच कर न्यायोचित समाधान करने को कहा।
इसके अलावा रायवाला और नया गांव में अतिक्रमण हटाने, नथुवाला में बिजली के तारों से उत्पन्न खतरे को दूर करने, चकराता क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त सिंचाई नहरों और सुरक्षा दीवारों के पुनर्निर्माण और सुंदरवाला में जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम डॉ. चौहान ने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के उत्पीड़न के मामलों में प्रशासन जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य करेगा।
मौके पर एडीएम (वि.रा) केके मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश तिवारी, एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा, एसडीएम विनोद कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, सीडीओ सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढ़ौडियाल, समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, तहसीलदार सुरेन्द्र देव, तहसीलदार विवेक राजौरी आदि मौजूद रहे।



