बीकेटीसी कार्मिकों ने जाना, जेम पोर्टल से कैसे करें खरीदारी
अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने किया एक दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ

देहरादून। बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए गवर्मेंट ई-मार्केट प्लस जेम पोर्टल प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षकों ने उन्हें जेम पोर्टल ओर उसकी कार्यप्रणाली से संबंधित जानकारी दी।
बृहस्पतिवार को मंदिर समिति केनाल रोड कार्यालय सभागार में बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्याशाला का शुभारंभ किया। कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुशासन एवं पारदर्शिता के लिए सरकारी विभागों के लिए जेम पोर्टल को लागू किया है। ताकि सरकारी खरीद में शत-प्रतिशत भ्रष्टाचार समाप्त हो सके।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2022-23 में मंदिर समिति में विभागीय खरीददारी और क्रय- विक्रय के लिए जेम पोर्टल को अनिवार्य कर दिया। कहा कि जेम पोर्टल एक आनलाइन पारदर्शी प्लेटफार्म है, जिसमें उच्च श्रेणी गुणवत्तायुक्त सामान, उचित मूल्य की सार्वजनिक खरीद संभव है।
कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक दीपक गोयल ने प्रशिक्षार्थियों को दो सत्रों में प्रशिक्षण दिया। पहले सत्र में जेम पोर्टल का इतिहास, केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जेम पोर्टल निर्माण संबंधित जानकारी दी। बताया कि किस तरह केंद्र में जेम पोर्टल के सकारात्मक परिणामों के बाद राज्य सरकारों ने पारदर्शी क्रय- विक्रय के लिए जेम पोर्टल को अपनाया है। उन्होंने जेम पोर्टल में ऑनलाइन क्रय- विक्रय की जानकारी भी साझा की।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि दूसरे सत्र में मंदिर समिति के परिप्रेक्ष्य में जेम पोर्टल की व्याख्या की गई। इस दौरान अधिकारियों प् कर्मचारियों के सुझावों पर भी चर्चा की गई। बताया कि प्रशिक्षक ने मंदिर समिति में पूजा सामग्री, राशन, स्टेशनरी, फर्नीचर, निर्माण सामग्री और अन्य संबंधित खरीद के लिए जेम पोर्टल पर कैसे ऑनलाईन खरीद की जा सकती है।
कार्यशाला में अधिशासी अभियंता अनिल ध्यानी, सहायक अभियंता गिरीश देवली, विपिन तिवारी, जेई गिरीश रावत, विवेक थपलियाल, भूपेंद्र रावत, प्रमोद बगवाड़ी, जगमोहन बर्त्वाल, संतोष तिवारी, संदेश मेहता, मनोज शुक्ला, देवीप्रसाद तिवारी, संजय तिवारी, विश्वनाथ, दीपेंद्र रावत, देवेंद्र पटवाल, उमेश शुक्ला, वैभव उनियाल आदि मौजूद रहे।