देहरादून

Dehradun: जिम्मेदारी और संकल्प से बनेगा विकसित उत्तराखंडः सीएस

80th Independence Day : देहरादून, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस पर सचिवालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने राष्ट्रीय ध्वज को फहराया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के त्याग और बलिदान से मिली है, जबकि राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है।

मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड की 25 वर्षों की यात्रा आत्मावलोकन और भविष्य की दिशा तय करने का अवसर है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, पर्यटन, डिजिटल कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे में प्रगति हुई है, लेकिन पलायन, रोजगार, दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा-स्वास्थ्य, आपदा जोखिम न्यूनीकरण, जलस्रोतों के संरक्षण और हिमालयी पारिस्थितिकी की रक्षा जैसी चुनौतियां अभी कायम हैं।

उन्होंने कहा कि लक्ष्य ‘विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखंड’ भी होना चाहिए। विकसित उत्तराखंड वह होगा जहां पहाड़ का युवा गांव में सम्मानजनक रोजगार पाए, महिलाएं आत्मनिर्भर हों और हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रशासन को फाइलों तक सीमित न रखकर ‘फाइल डिस्पोजल’ से ‘आउटकम डिलीवरी’ की ओर ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने हिमालय-संवेदनशील विकास, आपदा पूर्व तैयारी और सतत पर्यटन पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक निर्णय प्रदेश हित, प्रत्येक प्रयास जनहित और प्रत्येक कार्य विकसित उत्तराखंड की दिशा में होना चाहिए। मौके पर प्रमुख सचिव, सचिव, अपर सचिव, सचिवालय परिवार के अधिकारी, कर्मचारी और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button