चंपावत

चंपावतः ₹66 करोड़ की बाढ़ सुरक्षा योजनाओं का शिलान्यास

चंपावत, 5 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जनपद के बूमघाट में ₹65.95 करोड़ की दो बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें शारदा नदी तट पर ₹60.21 करोड़ की लागत से बनने वाला तटबंध और छीनीगोठ ग्राम की सुरक्षा के लिए हुड्डी नदी पर ₹5.74 करोड़ की बाढ़ सुरक्षा दीवार शामिल है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी कार्यों को तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सेवा पखवाड़े के तहत लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और ’निक्षय योजना’ के लाभार्थियों को पोषण किट बांटी।

महिला स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने बेहद सहज अंदाज में स्थानीय महिलाओं के साथ पारंपरिक रोटी और चटनी भी बनाई, जिसने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।

जनसभा में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए प्रस्तावित विकास योजनाअेें को गिनाया। बताया कि लगभग ₹3,300 करोड़ की लागत से टनकपुर से बनबसा तक शारदा रिवर फ्रंट और धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। बेटियों के लिए ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और ₹58.52 करोड़ से आधुनिक साइंस सेंटर की स्थापना की जा रही है। टनकपुर में ₹237.74 करोड़ से आधुनिक आईएसबीटी और ₹14 करोड़ से मीडिया सेंटर का निर्माण गति पर है।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी“ के मंत्र पर चलते हुए सरकार ’मानसखंड मंदिर माला मिशन’ के तहत मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर समेत सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख आंचल बोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक राजवार, जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा, सहप्रभारी हिमांशु बिष्ट, एसपी रेखा यादव, सीडीओ जीएस खाती आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button