हीट वेव में अनाश्यक घर से न निकलें बाहर
मौसम विभाग का पूर्वानुमान, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

देहरादून। लगातार बढ़ रहे तापमान और हीट वेव से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग के अगले 48 घंटों के पूर्वानुमान के मद्देनजर जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वहीं स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। चिकित्सकों ने खासकर बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, उधमसिंह नगर, नैनीताल और उत्तरकाशी के कुछ क्षेत्रों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। मौसम निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि मैदानी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है।
राजधानी देहरादून में बीते बुधवार सुबह से ही तापमान में वृद्धि महसूस हुई। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों व चिकित्सा इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके झा ने लोगों से दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि बाहर जाना बेहद जरूरी हो तो सिर को छाते या कपड़े से ढकें, चेहरे को मास्क या सूती कपड़े से सुरक्षित रखें। शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी व तरल पदार्थों का सेवन करें। इन दिनों तरबूज, नींबू पानी, जलजीरा, नारियल पानी आदि का सेवन लाभकारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि हीट वेव के दौरान चक्कर आना, सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। छोटी सी लापरवाही गंभीर समस्या बन सकती है।
जिला प्रशासन ने भी अपील की कि लोग अनावश्यक घर से बाहर निकलने से बचें, गर्मी से बचाव के सभी उपाय अपनाएं। प्रशासन का कहना है कि सावधानी से ही हीट वेव के दुष्प्रभावों से बचा जा सकता है।
डीएम सविन बंसल के निर्देशों पर हीट वेव से संबंधित सहायता व शिकायतों के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को अलर्ट मोड पर रखा गया है। आमजन सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 2726066, 2626066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर संपर्क कर सकते हैं।



