
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भ्रष्टाचार और भर्ती घोटाले को लेकर बड़ा बयान दिया है। धामी ने कहा कि भ्रष्टाचार किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी की कितने भी लंबे हाथ हों उन्हें जब तक बेनकाब नहीं कर देते, शांत नहीं बैठेंगे।
परेड ग्राउंड में 15 अगस्त पर आयोजित कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में सीएम धामी ने यह बात कही। कहा कि हमारी सरकार की साफ नीति और नियत है। भ्रष्टाचार को टॉलरेंस नहीं किया जाएगा। इस पर पूरी पारदर्शिता अपनाई जाएगी। एक-एक भ्रष्टाचारी को जब तक पकड़ नहीं लेते चुप नहीं बैठेंगे। भर्तियों में घोटाले को लेकर बोले कि सरकार की कोशिश है कि भर्तियां भी होती रहें, ताकि युवाओं के साल बर्बाद ना हों।
इससे पूर्व सीएम ने स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट कार्यों के लिए पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया। वहीं उन्होंने राज्य में गतिमान विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं को भी साझा किया।
इस अवसर पर स्पीकर ऋतु खंडूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, चंदनराम दास, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल मौजूद थे।