टिहरी गढ़वालदेहरादून

ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनेगा टिहरी झील क्षेत्र

मुख्य सचिव ने व्यापक कार्ययोजना तैयार करने पर दिया जोर

देहरादून। टिहरी झील क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने झील क्षेत्र के समग्र विकास के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

बुधवार को सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि टिहरी स्पेशल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (TADA) इस परियोजना के लिए डेस्टिनेशन मैनेजमेंट ऑर्गेनाइजेशन (DMO) के रूप में कार्य करेगा। योजना में टिहरी झील रिंग रोड, आइकोनिक ब्रिज, हरित पैदल मार्ग, ईको पार्क, वेलनेस सेंटर और प्राकृतिक व्यू प्वाइंट्स विकसित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कार्य चरणबद्ध तरीके से हो सकता है, लेकिन मास्टर प्लान समग्र रूप से तैयार किया जाए। बैठक में टिहरी तक बेहतर एंड-टू-एंड कनेक्टिविटी, सड़कों के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने नए पर्यटन रूट तलाशने और निर्माण कार्यों में प्राकृतिक सौंदर्य एवं हरित क्षेत्र सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने परियोजना में वॉटरड्रोम, वॉटरपोर्ट और सी-प्लेन परियोजना को ध्यान में रखते हुए आइकोनिक पुलों के निर्माण पर भी जोर दिया। डोबरा-चांठी पुल के पास स्थित हेलीपैड को हेलीपोर्ट के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सचिव सचिन कुर्वे, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव विनीत कुमार, अभिषेक रोहिला समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button