टिहरी गढ़वाल

टिहरीः विकास परियोजनाओं को समय पर करें पूराः CS

टिहरी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निर्देश दिए कि जिले में संचालित सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की मरम्मत में तेजी लाने को कहा।

मुख्य सचिव ने पेयजल, सीवर और जल निकासी जैसी मूलभूत सेवाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और पर्यटन क्षेत्रों में बढ़ती मांग के अनुरूप स्थायी समाधान विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन व अन्य पेयजल योजनाओं की नियमित समीक्षा कर लंबित कार्य शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया।

बैठक में डीएम नितिका खंडेलवाल ने जनपद की प्रशासनिक व्यवस्था और विकास गतिविधियों की जानकारी साझा की। उन्होंने देवप्रयाग और कीर्तिनगर क्षेत्र में पेयजल पंपिंग योजना की आवश्यकता और पेयजल आपूर्ति संबंधी समस्याओं से भी अवगत कराया। सीएस ने राजकीय पॉलिटेक्निक नई टिहरी के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने को कहा।

इस दौरान रामझूला सेतु के सुदृढ़ीकरण, मुनि की रेती में 40 करोड़ रुपये की वर्षा जल निकासी परियोजना और चंद्रभागा नदी में बाढ़ सुरक्षा कार्यों की भी समीक्षा की गई।

इससे पूर्व उन्होंने भागीरथीपुरम स्थित टीएचडीसी गेस्ट हाउस में एडीबी परियोजना के प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने टिहरी झील क्षेत्र में सतत व जलवायु-अनुकूल पर्यटन विकास के लिए छह क्लस्टरों की प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी।

बैठक में सचिव लोनिवि पंकज पांडेय, एसएसपी श्वेता चौबे, एडीएम शैलेंद्र नेगी, प्रशिक्षु आईएएस ज्योति आदि अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button