खदरी के ‘मयंक’ नेपाल में करेंगे योगासनों का प्रदर्शन
अंतरराष्ट्रीय योगा प्रतियोगिता के लिए चयन, 6 से काठमांडू में आयोजन

ऋषिकेश। न्याय पंचायत श्यामपुर की ग्रामसभा खदरी खड़कमाफ के 21 वर्षीय युवक मयंक गिरी का नेपाल में अंतर्राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में चयन हुआ है। मयंक काठमांडू में 6 से 10 अक्टूबर तक अंतरराष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में योग प्रदर्शन करेंगे।
सितंबर में राजस्थान के जयपुर में आयोजित 8वीं यूथ नेशनल योग प्रतियोगिता में मयंक ने दो स्वर्ण पदक भी जीते थे। जिसके चलते उनका चयन अंतरराष्ट्रीय योग प्रतियोगिता के लिए हुआ। मयंक ने बताया हाईस्कूल शिक्षा के दौरान उन्हें पैरालाइज हो गया था। उनके कमर के निचले हिस्से ने कार्य करना बंद कर दिया था। लगभग 7-8 महीने का उपचार पर भी फायदा नहीं हुआ, तो चिकित्सकों की सलाह पर उन्होंने योगाभ्यास शुरू किया।
मयंक वर्तमान में गुरुकुल कांगड़ी हरिद्वार से बी.एससी शिक्षारत हैं। बताया कि वह एडवांस योगासन के साथ आर्टिस्ट और रिद्धिमा योगा करते हैं। मयंक अब तक जयपुर, राजस्थान, भुवनेश्वर, रुड़की में आयोजित योगा प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। रुड़की में राष्ट्रीय योगा प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में उन्होंने देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। मयंक अपनी कामयाबी का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को देते हैं।