Rishikesh: तपोवन में कांग्रेसियों ने फूंका मंत्री अग्रवाल का पुतला

ऋषिकेश। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तपोवन बाजार में संसदीय मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के एक बयान के विरोध में उनका पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान नरेंद्रनगर के पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत ने कहा कि भाजपा के मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का विधानसभा में उत्तराखंडियों को अपशब्द कहना बेहद शर्मनाक है। सत्ता के मद में चूरू अग्रवाल का उत्तराखंड की जनता से कोई सरोकार नहीं रहा। उनका अहंकार इतना बढ़ गया कि जिन लोगां ने उन्हें सदन तक पहुचाया, उन्हीं को गाली देने का काम कर रहे हैं। उत्तराखण्ड की मातृ शक्ति और युवाओं ने अपने प्राणों की आहूति इसके लिए नहीं दी थी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ऐसे मंत्री को संरक्षण देने की बजाय कैबिनेट से बाहर करना चाहिए। कहा कि मंत्री प्रेमचंद अगव्राल को उत्तराखंड राज्य आंदोलन के इतिहास को भी पढ़ना चाहिए। नगर अध्यक्ष नवीन भंडारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंडवासियों से प्रेम करते हैं तो उन्हें प्रेमचंद अग्रवाल को कैबिनेट से बर्खास्त करना चाहिए।
प्रदर्शन में यशपाल भंडारी, चैन सिंह बिष्ट, रोशनी बिष्ट, उषा भंडारी, भावना भंडारी, किशोर रावत, अनिल रावत, शिव सिंह, पूरण पुंडीर, विजय भंडारी, संजय पयाल, पूरन भंडारी, सुरेंद्र पयाल, रतन नेगी, दिनेश पोखरियाल, मुकेश वर्मा, राजपाल पुंडीर, सार्थक सिलवाल, राजीव भंडारी, साहिल भंडारी, रॉबिन कलूड़ा, सत्येंद्र पुंडीर, रोहन रावत, कुलदीप, पंकज गुप्ता आदि शामिल थे।